Advertisement

पति की तलाश में स्पा सेंटर पहुंची गर्भवती, आंखों में मिर्च डालकर पीटा!

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक स्पा सेंटर को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। यहां तीन महीने की गर्भवती महिला ने स्पा सेंटर में मौजूद एक महिला और उसके साथियों पर गाली-गलौज, मारपीट और आंखों में मिर्च पाउडर डालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला मंडी चौक स्थित एक स्पा सेंटर का है। गोविंदगढ़ निवासी महिला के मुताबिक, वह 19 नवंबर 2026 को अपने पति के बारे में जानकारी लेने स्पा सेंटर पहुंची थी। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसी दौरान एक काले रंग की कार वहां पहुंची, जिसमें से एक महिला और एक पुरुष बाहर निकले।

पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया गया और उसे जबरन खींचकर स्पा सेंटर के अंदर ले जाने की कोशिश की गई। महिला ने पुलिस को बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती है। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना के बाद महिला ने अपने पति को इसकी जानकारी दी। पति उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद पीड़िता ने 20 नवंबर को पटेलनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक नामजद महिला और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक आशीष कुमार को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपों की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!