Advertisement

हरिद्वार में IB के SP पर जानलेवा हमला, चालक ने चलाई गोली; वारदात के बाद पोछा लगाकर मिटाए सबूत

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक वरिष्ठ अधिकारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। कनखल कोतवाली क्षेत्र की विष्णु गार्डन कॉलोनी में अधिकारी के ही संविदा चालक ने उन पर तमंचे से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल के माथे के पास से छूकर निकल गई और उनकी जान बच गई। घटना के बाद आरोपी ने वारदात के निशान मिटाने के लिए फर्श पर पोछा लगाया और कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी करने लगा। हालांकि, पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को विष्णु गार्डन कॉलोनी में गोली चलने की सूचना मिलने पर कनखल पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि IB के स्थानीय कार्यालय में संविदा पर तैनात चालक विनोद नेगी ने अपने अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल पर फायरिंग की थी। गोली अधिकारी के माथे के पास से निकल गई। घायल अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चार-पांच महीने से अधिकारी और चालक के बीच चल रहा था विवाद

कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत के अनुसार, आरोपी विनोद नेगी वर्ष 2006 से IB के स्थानीय कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत है। पिछले करीब डेढ़ साल से वह IB के एसपी के साथ चालक के रूप में तैनात था। बताया गया कि अधिकारी और चालक के बीच पिछले चार-पांच महीनों से विवाद चल रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने अधिकारी की ओर से बार-बार टोका-टाकी किए जाने और कथित तौर पर परेशान किए जाने से नाराजगी की बात कही। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में उसने अधिकारी पर तमंचे से गोली चला दी।

गोली चलाने के बाद पोछा लगाया, कपड़े बदलकर भागने की थी तैयारी

वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने घटनास्थल पर फर्श का पोछा लगाया, ताकि फायरिंग से जुड़े निशान साफ किए जा सकें। इसके बाद वह कपड़े बदलकर मौके से फरार होने की तैयारी कर रहा था। लेकिन पुलिस ने उसकी योजना नाकाम करते हुए उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज

इस मामले में अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल की शिकायत पर कनखल थाने में आरोपी विनोद नेगी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!