देहरादून: भारत निर्वाचन आयोग के उच्च अधिकारियों का दल आगामी 12 और 13 अक्टूबर 2026 को देहरादून का दौरा करेगा। इस दौरान आयोग की टीम जिले में निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेगी। दौरे को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को निर्वाचन से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में उपलब्ध सभी विभागों के कार्मिकों का अद्यतन डेटाबेस शीघ्र तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्वाचन के लिए वेयरहाउस में उपलब्ध ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मशीनों की मांग का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी समय से पूरी करने को कहा गया।
बैठक में मतदान केंद्रों की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को संवेदनशील और अति संवेदनशील सहित सभी मतदान केंद्रों की मैपिंग का कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। विधानसभा निर्वाचन से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक समितियों का गठन जल्द करने को भी कहा गया।
निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को उपलब्ध सुरक्षा बलों का विवरण तैयार करने तथा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की आवश्यकता का आकलन कर समय से मांग प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वीप (SVEEP) कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके तहत शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कार्मिकों के प्रशिक्षण, पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी, ईवीएम वेयरहाउस तथा मतगणना स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्वाचन तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने पर जोर दिया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, सभी नोडल अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply