
देहरादून। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक की चुनावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए देहरादून में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान के दिशा-निर्देशों पर स्वीप कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मोहनी रोड स्थित दिव्यांगजनों की आवासीय संस्था ‘रेफल होम’ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दिव्यांगजनों को मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देकर शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं दिव्यांगजन नोडल अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि जनपद में 8 अक्टूबर 2026 से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और बुक्सा जनजाति के 46 गांवों में सघन मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचकर उसे अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
रेफल होम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान करने के तरीकों और मताधिकार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर दिव्यांगजनों से आगामी चुनाव में स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करने की अपील की गई। अभियान के माध्यम से समावेशी लोकतंत्र को मजबूत करने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सुश्री प्रिया लाल, सुश्री पूनम चमोली, श्री पुष्पेंद्र और श्री प्रज्वल सहित संस्था के कई लोग उपस्थित रहे।















Leave a Reply