देहरादून: शैक्षणिक सत्र 2026-27 में छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दी गई है। यह सुविधा अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और आर्थिक रूप से पिछड़े सामान्य वर्ग (EBC) के पात्र विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत दी जा रही है।
देहरादून के जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल scholarships.gov.in पर शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों के Fresh और Renewal आवेदन की प्रक्रिया जारी है। अब छात्र-छात्राएं 30 नवंबर 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसी अवधि में संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को भी प्राप्त आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन करना होगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के निदेशक, प्राचार्य, संस्थाध्यक्ष एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने संस्थान में अध्ययनरत सभी पात्र छात्र-छात्राओं का राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद छात्रवृत्ति आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर जनपद स्तर पर अग्रसारित किया जाए।
उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना से कोई भी पात्र विद्यार्थी वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित संस्थान विशेष ध्यान दें। छात्र-छात्राओं से भी अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा करें और आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य प्रक्रिया पूरी कर लें।
राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल: https://scholarships.gov.in
जरूरी जानकारी
- शैक्षणिक सत्र: 2026-27
- आवेदन की अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026
- आवेदन: Fresh और Renewal
- पात्र वर्ग: SC, ST, OBC और EBC
- आवेदन पोर्टल: National Scholarship Portal (NSP)
- वेबसाइट: scholarships.gov.in












Leave a Reply