बैंक ने दिया लोन, अब भेजा घर नीलामी का नोटिस! समाधान दिवस में डीएम ने मांगी जवाबदेही

देहरादून। जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 194 नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा और सभी विभागों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।

भूमि विवाद, अतिक्रमण और पेयजल समस्याएं रहीं प्रमुख

समाधान दिवस में भूमि धोखाधड़ी, अतिक्रमण, सीमांकन, ऋण माफी, विधिक सहायता, आर्थिक सहायता और पेयजल संबंधी शिकायतें बड़ी संख्या में सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर डीएम ने दिए विशेष निर्देश

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्वास्थ्य विभाग को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत मधुमेह, हृदय रोग, किडनी रोग, कैंसर और अस्थमा जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों की पहचान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों की सूची तैयार कर विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएं तथा उनके उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही दूरस्थ और सड़क संपर्क से वंचित गांवों में गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए माइक्रो प्लान तैयार करने को कहा।

मानसून से पहले सड़क, पुल और नदी सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को शहर के आंतरिक मार्गों का ब्लैकटॉपिंग कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिले के 11 प्रमुख पुलों की मरम्मत, सुरक्षा कार्य और निचले क्षेत्रों में नदियों के चैनलाइजेशन का काम जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। नगर निगम को अवैध डंपिंग जोन की सूची फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए डार्क स्पॉट होंगे चिन्हित

महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने जिले के शहरों और कस्बों में मौजूद डार्क स्पॉट की पहचान कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता, निष्प्रयोज्य सामग्री की शीघ्र नीलामी, नियमित निरीक्षण तथा लंबित पेंशन एवं एसीपी मामलों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया।

85 वर्षीय बुजुर्ग की शिकायत पर डीएम सख्त

मातावाला बाग निवासी 85 वर्षीय सोमप्रकाश ने अपने मकान और नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जे तथा कथित धन उगाही की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य नगर आयुक्त को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बेटे ने पत्नी के नाम कराई रजिस्ट्री, अब खर्चा देने से किया इनकार

श्यामपुर निवासी रमाशंकर सिंह ने शिकायत की कि उनके पुत्र ने हर महीने 10 से 15 हजार रुपये खर्चा देने का आश्वासन देकर मकान की रजिस्ट्री अपनी पत्नी के नाम करा ली, लेकिन अब वह खर्चा देने से इनकार कर रहा है।

शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

दिव्यांग व्यक्ति के संपत्ति विवाद की होगी जांच

यमुना विहार निवासी दिव्यांग रोबिन डिक्रूज ने संपत्ति विवाद और उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैंक ऋण स्वीकृति प्रक्रिया पर उठाए सवाल

समाधान दिवस में एक शिकायतकर्ता ने बताया कि ऋण अदायगी में असमर्थता के चलते बैंक ने उनके मकान की नीलामी का नोटिस जारी कर दिया है।

इस मामले पर जिलाधिकारी ने बैंक की ऋण स्वीकृति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए एडीएम और लीड बैंक अधिकारी को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि आवेदक ऋण चुकाने में सक्षम नहीं था तो बैंक ने किस आधार पर ऋण स्वीकृत किया।

जल निकासी, पेयजल और पर्यटन भूमि विवादों पर भी कार्रवाई के निर्देश

समाधान दिवस में राजेश्वर नगर की जल निकासी समस्या, बालावाला पेयजल योजना, ऋषिकेश के बड़कोट माफी क्षेत्र, झीलवाला और रानीपोखरी में पर्यटन विभाग की भूमि के कथित अवैध विक्रय तथा ठाकुरपुर खेल मैदान की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा एक महिला उत्पीड़न मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से कानूनी सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराने को कहा गया।

प्रधानमंत्री आवास और आर्थिक सहायता की मांग भी पहुंची समाधान दिवस में

समाधान दिवस के दौरान विधवा आशा देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की, जबकि सविता बनवाल ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।

डीएम बोले- शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागों को स्वतः संज्ञान लेते हुए नागरिकों की शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।

समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, एडीएम (प्रशासन) स्मृता परमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!