ताज ग्रुप करेगा एसजीआरआरयू हाॅस्पिटैलिटी एवम् टूरिज्म मैनेजमेंट के साथ एमओयू

देहरादून। उत्तराखण्ड में तेजी से बढ़ते पर्यटन उद्योग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के बूम के बीच श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) ने युवाओं के सुनहरे भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए स्कूल आॅफ हाॅस्पिटैलिटी एण्ड टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन को समर्पित किया। शनिवार को उद्घाटित इस आधुनिक भवन में संचालित होने वाले व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित पाठ्यक्रम प्रदेश के युवाओं को देश-विदेश के प्रतिष्ठित होटल, रिसॉर्ट, एयरलाइंस, क्रूज, पर्यटन एवं फूड सर्विस उद्योग में उत्कृष्ट करियर के अवसर उपलब्ध कराएंगे। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित प्रोफेशनल्स तैयार करना है। इस अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने स्कूल आॅफ हाॅस्पिटैलिटी एण्ड टूरिज्म मैनेजमेंट की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवम् शुभकामनाएं दीं।
भवन का उद्घाटन ताज ऋषिकेश रिजॉर्ट एंड स्पा, उत्तराखण्ड के क्लस्टर जनरल मैनेजर (ऑपरेशंस) एवं जनरल मैनेजर मनोज मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की यह दूरदर्शी पहल आतिथ्य एवं सेवा उद्योग के लिए उच्च प्रशिक्षित, दक्ष और पेशेवर मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अत्याधुनिक भवन विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव और उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करेगा। श्री मिश्रा ने कहा कि शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने में यह पहल मील का पत्थर सिद्ध होगी तथा भविष्य में देश-विदेश के होटल एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को योग्य प्रोफेशनल्स उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ताज ग्रुप के संस्थान एसजीआरआरयू स्कूल आॅफ हाॅस्पिटैलिटी एण्ड टूरिज्म मैनेजमेंट के साथ एमओयू करेगा। ताज ग्रुप के प्रोफशनल्स स्कूल आॅफ हाॅस्पिटैलिटी एण्ड टूरिज्म मैनेजमेंट के छात्र-छात्राओं को प्रोफेशनल प्रशिक्षण और इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप तैयार करने मंे महत्वपूर्ण सहभागिता निभाएंगे।
नवनिर्मित स्कूल आॅफ हाॅस्पिटैलिटी एण्ड टूरिज्म मैनेजमेंट भवन के उद्घाटन के उपलक्ष्य में आयोजित केक कटिंग सेरेमनी उल्लास, उत्साह और आत्मीयता का प्रतीक बन गई। इस शुभ अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्यजनों ने एक-दूसरे को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। तालियों की गूँज, प्रसन्न चेहरों और उत्सवी माहौल के बीच आयोजित केक कटिंग समारोह ने उद्घाटन समारोह की गरिमा और आनंद को कई गुना बढ़ाते हुए इस ऐतिहासिक अवसर को सभी के लिए अविस्मरणीय बना दिया।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. प्रतापन ने कहा कि विश्वविद्यालय स्थानीय जैविक उत्पादों एवं उत्तराखण्ड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों को आधुनिक प्रस्तुति के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में कार्य करेगा।
होटल मैनेजमेंट एवं टूरिज्म हॉस्पिटैलिटी के डीन डॉ. विनय राणा ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित होटल समूहों में इंटर्नशिप और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट असिस्टेंस उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है।
एसजीआरआर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि रोजगारपरक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा प्रदेश से पलायन रोकना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।
उत्तराखण्ड आज देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में शामिल है। चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस, इको-टूरिज्म और तेजी से विकसित हो रहे होटल एवं रिसॉर्ट उद्योग ने प्रशिक्षित हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स की मांग को लगातार बढ़ाया है। यही कारण है कि होटल मैनेजमेंट एंड टूरिज्म हॉस्पिटैलिटी आज युवाओं के लिए सबसे तेजी से उभरते रोजगारपरक क्षेत्रों में शामिल हो चुका है। मुख्य शेफ, फूड प्रोडक्शन, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज सर्विस, इवेंट मैनेजमेंट और पर्यटन सेवाओं जैसे क्षेत्रों में कुशल युवाओं की मांग निरंतर बढ़ रही है।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। होटल मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की अतिथियों ने सराहना की। विश्वविद्यालय ने घोषणा की कि भविष्य में संस्थान के प्रमुख आयोजनों की हॉस्पिटैलिटी व्यवस्थाओं का संचालन विद्यार्थी स्वयं करेंगे, जिससे उन्हें अध्ययन के साथ वास्तविक उद्योग अनुभव भी प्राप्त होगा।
इस अवसर पर विपिन चन्द्र घिल्डियाल, सहालहकार, माननीय प्रेसीडेंट, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, विजय नौटियाल, विनय मोहन थपलियाल, मनोज जखमोला, सीएस पयाल, विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, फेकल्टी सदस्य एवम् छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!