Advertisement

IIT रुड़की का 50 लाख का ड्रोन गायब! उड़ते-उड़ते टूटा संपर्क, गंगा में गिरने की आशंका

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की का करीब 50 लाख रुपये कीमत का एक ड्रोन उड़ान के दौरान लापता हो गया। ड्रोन भूपतवाला क्षेत्र में मैपिंग और अन्य कार्यों के लिए उड़ान भर रहा था। इसी दौरान उसका कंट्रोल यूनिट से संपर्क टूट गया। घटना के एक दिन बाद भी ड्रोन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, आईआईटी रुड़की का ट्रिनिटी एफ-90 ड्रोन कल दोपहर भूपतवाला क्षेत्र में करीब 100 मीटर की ऊंचाई पर उड़ रहा था। ड्रोन को मैपिंग समेत अन्य कार्यों के लिए लगाया गया था। इसी बीच अचानक उसका संपर्क कंट्रोल यूनिट से टूट गया। इसके बाद ड्रोन की लोकेशन और स्थिति का पता नहीं चल सका।

पेलोड और अत्याधुनिक कैमरों से लैस इस महंगे ड्रोन के अचानक लापता होने से आईआईटी रुड़की में हलचल मची हुई है। ड्रोन की तलाश के लिए संबंधित विभाग की ओर से पुलिस से भी मदद मांगी गई है।

पक्षी या हाईटेंशन लाइन से टकराने की आशंका

ड्रोन के लापता होने के पीछे कई संभावनाएं जताई जा रही हैं। आशंका है कि उड़ान के दौरान ड्रोन किसी पक्षी से टकरा गया हो या हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया हो। इसके अलावा, उसके गंगा नदी में गिरने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, ड्रोन के साथ वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

आईआईटी रुड़की के डीजीसीए विभाग की ओर से पुलिस को सूचना देकर ड्रोन का पता लगाने में मदद मांगी गई है। अब सभी की नजरें ड्रोन की तलाश और उसके लापता होने के वास्तविक कारणों पर टिकी हैं।

(रिपोर्ट_कुमार दुष्यंत)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!