Advertisement

आसमान में इंडिगो फ्लाइट पर गिरी बिजली, 17 हजार फीट पर मचा हड़कंप; पायलट ने लखनऊ में कराई सुरक्षित लैंडिंग

Indigo Flight: पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट उस समय मुश्किल में फंस गई, जब खराब मौसम के बीच करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा। हालांकि पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को सुरक्षित लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार लिया। विमान में सवार सभी 104 यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E 925 ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर करीब 3:10 बजे उड़ान भरी थी। विमान को निर्धारित समय के अनुसार शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था। इसी दौरान रास्ते में मौसम खराब हो गया और करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद विमान के अगले हिस्से में नुकसान हुआ। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को निर्धारित समय से पहले लखनऊ की ओर मोड़ दिया। फ्लाइट की शाम करीब 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी 104 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान को तकनीकी जांच के लिए एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया है। इंजीनियरों की टीम विमान के नुकसान का आकलन कर रही है।

आगे की फ्लाइट के लिए इंडिगो ने किया दूसरे विमान का इंतजाम

पटना से लखनऊ पहुंचने के बाद इसी विमान को फ्लाइट नंबर 6E 6968 के रूप में लखनऊ से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन विमान के क्षतिग्रस्त होने के कारण इंडिगो ने यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।

इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार यात्री करीब शाम 6:22 बजे दूसरे विमान से अपनी आगे की यात्रा पर रवाना हुए।

करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बावजूद विमान को सुरक्षित लखनऊ उतार लिया जाना इस घटना का सबसे अहम पहलू रहा। फिलहाल क्षतिग्रस्त विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!