देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा विज्ञापन संख्या 74/उ०अ० से०च०आ०/2025, दिनांक 03 दिसंबर 2025 के अंतर्गत विज्ञापित साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन एवं प्राविधिक सहायक (इतिहास) के पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा रविवार, 20 सितंबर 2026 को देहरादून जनपद के एक परीक्षा केंद्र में दो पालियों में आयोजित की गई।
प्रथम पाली में साहसिक खेल अधिकारी पद के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में 80.00 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कैमरामैन एवं प्राविधिक सहायक (इतिहास) पदों के लिए आयोजित परीक्षा में क्रमशः 64.38 प्रतिशत और 60.00 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा को पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए आयोग की ओर से परीक्षा केंद्र पर CCTV कैमरे और जैमर लगाए गए थे। इसके साथ ही परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की गई।
लिखित परीक्षा के सफल संचालन और निगरानी के लिए आयोग कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। कंट्रोल रूम में आयोग के माननीय सदस्य श्याम सुंदर सिंह रौतेला, माननीय सदस्य प्रताप सिंह शाह, सचिव एन.एस. डुंगरियाल, परीक्षा नियंत्रक लक्ष्मी राज चौहान सहित आयोग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्र पर आयोग द्वारा लगाए गए कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की गई। आयोग के अनुसार, इस व्यवस्था के जरिए परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी गई और परीक्षा को पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
आयोग ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस तरह साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन एवं प्राविधिक सहायक (इतिहास) पदों के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगी परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।














Leave a Reply