देहरादून: डीएवी कॉलेज छात्र संघ चुनाव से पहले एसएसपी आवास के बाहर प्रदर्शन और घेराव के मामले में कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़े नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने इस पूरे प्रकरण में डालनवाला और नगर कोतवाली में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। दोनों मामलों में कुल 16 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब 30 से 40 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान सड़क पर जाम लगाने, यातायात बाधित करने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, नारेबाजी और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में पांच नामजद
नगर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के मुताबिक हाथीबड़कला बैरियर के पास करीब 15 से 20 लोग एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में आयुष गुप्ता उर्फ बंटी, विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू, सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू, मुकेश बसड़ा और अभिनव कफालिया को नामजद किया है।
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी कर रहे थे, जिससे सार्वजनिक मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटने और यातायात सुचारू करने के लिए समझाया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने का आरोप है। इसी दौरान पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की किए जाने की बात भी मुकदमे में दर्ज की गई है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 132, 189(3), 191(2), 221 और 223 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
डालनवाला थाने में 11 नामजद
दूसरा मुकदमा डालनवाला थाने में दर्ज किया गया है। इसमें कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू, नगर निगम पार्षद आयुष गुप्ता उर्फ बंटी, एनएसयूआई छात्र नेता सौरभ सेमवाल, पार्षद रॉबिन त्यागी उर्फ अजय त्यागी, जिला उपाध्यक्ष प्रियान्शु गौड़, पूर्व डीएवी कॉलेज छात्र अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष तेजस्वी राणा, कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक पासी, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष नितिन नेगी, एनएसयूआई कार्यकर्ता दक्ष रावत और कांग्रेस कार्यकर्ता अभिषेक डोबिरियाल को नामजद किया गया है। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है।
कांग्रेस भवन से एसएसपी आवास तक पहुंचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक दो अक्टूबर की रात करीब एक बजे कांग्रेस भवन से बिना अनुमति वाहनों की रैली निकाले जाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी वाहन लेकर राजपुर रोड स्थित एसएसपी आवास पहुंचे। आरोप है कि वाहनों को लापरवाही से चलाते हुए प्रदर्शनकारी एसएसपी आवास के गेट के पास पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोककर समझाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने वहां से हटने के बजाय मुख्य सड़क पर एकत्र होकर यातायात बाधित किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, नारेबाजी और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए। पुलिस का यह भी आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने एसएसपी आवास की ओर आगे बढ़ने का प्रयास किया।
इस मामले में BNS की धारा 3(5), 189(2), 191(2), 190, 132, 221, 223, 285, 351(2) और 125(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि पूरे मामले में डालनवाला और नगर कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।












Leave a Reply