देहरादून। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आम जनता की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 126 शिकायतें दर्ज की गईं।
एडीएम के.के. मिश्रा ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की और प्राथमिकता के आधार पर लंबित शिकायतों का जल्द समाधान करने को कहा।
समाधान दिवस में बुजुर्गों से जुड़े मामलों पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। 73 वर्षीय बुजुर्ग मदनलाल भल्ला ने शिकायत की कि उन्होंने अपने बेटे को कारोबार स्थापित करने में मदद की, लेकिन सफल होने के बाद बेटे ने बुढ़ापे में उन्हें बेसहारा छोड़ दिया। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
इसी तरह 74 वर्षीय विधवा रेणुका खनका ने बहू पर पैतृक संपत्ति हड़पने, मारपीट करने और देखभाल नहीं करने के आरोप लगाए। मामले में सीओ रायपुर और महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गायत्री विहार निवासी बुजुर्ग दंपती ने अपनी वैध संपत्ति पर पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जे और एमडीडीए के सीलिंग आदेशों का पालन नहीं किए जाने की शिकायत की। इस पर एमडीडीए को मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, सेवाकलां निवासी संजय कुमार ने अपनी पुश्तैनी भूमि पर पड़ोसी द्वारा कब्जे और धमकी दिए जाने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम सदर को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रेसकोर्स निवासी आशीष बड़थ्वाल ने पूर्व पार्षद पर नियम विरुद्ध तीन मंजिला व्यावसायिक भवन निर्माण और अवैध गतिविधियों का आरोप लगाया। शिकायत पर एसडीएम सदर और पुलिस क्षेत्राधिकारी को मौके का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में सड़क, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें भी प्रमुखता से उठीं। इंद्रलोक कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए जल निगम को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। खुड़बुड़ा मोहल्ले में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत पर जल संस्थान को समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए।
रानीपोखरी क्षेत्र में वर्ष 2024 से पूर्व के पेयजल कनेक्शनों और शुल्क में अनियमितता की शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं आशारोड़ी-झाझरा हाईवे निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर एनएचएआई को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चकराता ब्लॉक के खारसी मोटर मार्ग और कोल्डपानी सत्तौर क्षेत्र में भू-कटाव की समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी और एसडीएम को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। विकासखंड कालसी के कामला स्थित हड्डियागाड़ में भारी बारिश से पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी पर एसडीएम कालसी को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
कुडियाल ग्राम पंचायत में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त हाथी सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा प्रकाश पंत मार्ग से एयरपोर्ट तक जंगली हाथियों से बचाव के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की जिम्मेदारी बीडीओ को दी गई।
इसके अलावा गांधी रोड निवासी इल्मा, प्रेम बहादुर, सरस्वती और रणवीर सिंह ने आर्थिक तंगी, बच्चों की शिक्षा और बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर संबंधित एसडीएम को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।














Leave a Reply