Advertisement

देहरादून में ट्रिपल मर्डर से दहला रायपुर, लूट के लिए घुसे युवक ने दंपति और नौकरानी को मार डाला

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। विष्णु लोक कॉलोनी में एक घर में लूट के इरादे से घुसे युवक ने बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी स्थित मकान नंबर 16 में 85 वर्षीय रमेश कपूर अपनी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर के साथ रहते थे। घर में करीब 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला भी काम करती थी। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे के आसपास घर से शोर की आवाज सुनाई दी।

पड़ोस में रहने वाली भारती भंडारी के मुताबिक, आवाज सुनकर वह बाहर आईं तो उन्होंने एक युवक को घरेलू सहायिका पर पेचकस से हमला करते हुए देखा। यह दृश्य देखकर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि शोर सुनकर आरोपी युवक उनकी तरफ भी बढ़ा, लेकिन आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद वह वहां से भागने लगा।

इसी दौरान घर के बाहर मौजूद एक व्यक्ति ने आरोपी को कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।

उधर, पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायल बुजुर्ग दंपति तथा घरेलू सहायिका को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में वारदात की वजह लूट बताई जा रही है। हालांकि घटना के पीछे की पूरी वजह और आरोपी के मकसद को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

बताया गया है कि मृतक दंपति के दो बेटे हैं, जो दिल्ली और पुणे में रहते हैं। घटना की सूचना परिवार को दे दी गई है।

दिनदहाड़े एक ही घर में तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस की जांच और आगे सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!