देहरादून। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का फील्ड कार्य 25 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। यह चरण 24 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें राज्यभर में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।
62 हजार से ज्यादा लोगों ने की डिजिटल स्व-गणना, देहरादून सबसे आगे
निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि 10 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 के बीच उत्तराखंड में 62,000 से अधिक नागरिकों ने डिजिटल माध्यम से स्व-गणना पूरी की।
इसमें देहरादून जिला सबसे आगे रहा, जहां 10,884 लोगों ने स्वयं अपनी गणना दर्ज कराई।
20 हजार से अधिक प्रगणक और हजारों पर्यवेक्षक तैनात
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए राज्य में:
- 20,859 प्रगणक (Enumerators)
- 3,670 पर्यवेक्षक (Supervisors)
की नियुक्ति की गई है। सभी कर्मियों को 555 प्रशिक्षण बैचों में प्रशिक्षित किया गया है, जिसमें विशेष रूप से तैयार मोबाइल एप (HLO App) पर व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई।
29 हजार से ज्यादा ब्लॉक्स में डिजिटल मैपिंग
डिजिटल नवाचार के तहत राज्य को 29,567 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में विभाजित किया गया है।
इन सभी क्षेत्रों के डिजिटल मानचित्र तैयार किए गए हैं, जिनका उपयोग प्रगणक फील्ड सर्वे के दौरान करेंगे।
साथ ही, सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक ब्लॉक का आवंटन पूरी तरह डिजिटल तरीके से किया गया है।
“हर द्वार, दस्तक” अभियान के तहत घर-घर पहुंचेगी टीम
निदेशक ने बताया कि 25 अप्रैल से “हर द्वार, दस्तक” अभियान शुरू होगा, जिसके तहत प्रगणक हर घर और भवन का दौरा करेंगे।
इस दौरान 33 सवालों के जरिए घरों की सुविधाओं, संसाधनों और परिसंपत्तियों से जुड़ा डेटा एकत्र किया जाएगा।
पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना
यह जनगणना भारत के इतिहास में पहली बार पूरी तरह मोबाइल एप आधारित डिजिटल प्रणाली से कराई जा रही है, जो डिजिटल इंडिया अभियान की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील
निदेशक ने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना के दौरान सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी से बचें। साथ ही प्रगणकों को सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
ये अधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में जनगणना निदेशालय से
- एस. एस. नेगी (संयुक्त निदेशक)
- तान्या सेठ (उप निदेशक)
- आर. के. बनवारी (उप निदेशक)
- प्रवीण कुमार (उप निदेशक)
सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply