देहरादून: उत्तराखंड में कथित बिटकॉइन निवेश घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शहरों में एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई के तहत देहरादून, दिल्ली और रुड़की में आरोपी हेमंत मोहन शर्मा के ठिकानों को खंगाला जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, देहरादून के मोहिनी रोड स्थित हेमंत शर्मा के आवास पर ED की टीम ने आज सुबह छापा मारा, जहां से कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
क्या है पूरा मामला?
उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के मुताबिक, हेमंत शर्मा पर लोगों को बिटकॉइन में निवेश का लालच देकर करोड़ों रुपए की ठगी करने का आरोप है। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें उच्च रिटर्न का झांसा देकर निवेश कराया गया, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं मिली।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अब आर्थिक अपराध के एंगल से ED भी सक्रिय हो गई है।
पहले भी हो चुकी है संपत्ति अटैच
जांच एजेंसियों के मुताबिक, ED इससे पहले आरोपी हेमंत शर्मा की करीब 4 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच कर चुकी है। इससे साफ संकेत मिलता है कि मामला काफी गंभीर है और लंबे समय से जांच एजेंसियों की निगरानी में था।
तीन शहरों में एक साथ कार्रवाई
ED की यह रेड सिर्फ देहरादून तक सीमित नहीं है। दिल्ली और रुड़की में भी आरोपी के अन्य ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।
निवेशकों के लिए चेतावनी
जांच एजेंसियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निवेश से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें। खासकर क्रिप्टोकरेंसी जैसे क्षेत्रों में बिना सत्यापन के निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है।











Leave a Reply