रुद्रपुर (उधम सिंह नगर): उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पुलिस लाइन में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) संजय खाती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ड्यूटी पर जाने से पहले जब वह नहीं उठे, तो परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ड्यूटी से पहले सोए, फिर नहीं उठे
मिली जानकारी के अनुसार, 54 वर्षीय संजय खाती रविवार को नाइट ड्यूटी पर जाने वाले थे। दिन में उन्होंने सामान्य दिनचर्या के अनुसार भोजन किया और आराम करने के लिए सो गए। रात करीब 10 बजे जब ड्यूटी का समय नजदीक आया और वे नहीं जागे, तो उनकी पत्नी ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पिथौरागढ़ के रहने वाले थे संजय खाती
संजय खाती मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट थाना क्षेत्र के ग्राम मल्ला गरका के निवासी थे। वर्तमान में वे रुद्रपुर कोतवाली के सरकारी आवास में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
अचानक हुई इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों के अनुसार, संजय खाती एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।












Leave a Reply