बड़ी खबर : बंशीधर तिवारी के निर्देश पर MDDA का बड़ा वार, मानचित्र उल्लंघन करने वाला भवन सील

देहरादून/ऋषिकेश: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माणों और भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश में एक बड़े व्यावसायिक भवन को सील कर दिया। यह कार्रवाई एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर की गई। प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।

स्वीकृत मानचित्र के विपरीत हो रहा था निर्माण

एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार, भरत विहार, मेन हरिद्वार रोड, ऋषिकेश स्थित एक व्यावसायिक भवन का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र (Approved Map) के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। इसके साथ ही भवन के सेटबैक (Setback) क्षेत्र में भी निर्माण किया गया, जो भवन निर्माण उपविधियों का स्पष्ट उल्लंघन है।

पहले नोटिस, फिर भी नहीं माना पक्ष

प्राधिकरण ने संबंधित भवन स्वामी को पहले ही नोटिस जारी कर निर्माण को नियमों के अनुरूप करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। लेकिन निर्धारित समय के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद एमडीडीए ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरे निर्माण को सील कर दिया।

बंशीधर तिवारी बोले- नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट कहा कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण, मानचित्र उल्लंघन और भवन निर्माण नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शहरी विकास को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए भवन निर्माण मानकों का पालन अनिवार्य है। जो भी व्यक्ति या संस्था नियमों का उल्लंघन करेगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माणों के खिलाफ एमडीडीए का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एमडीडीए की लोगों से अपील

प्राधिकरण ने आम नागरिकों और भवन स्वामियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले स्वीकृत मानचित्र और भवन निर्माण उपविधियों का पूरी तरह पालन करें। नियमों की अनदेखी करने पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!