Advertisement

राष्ट्रपति के दौरे से पहले एक्शन मोड में देहरादून प्रशासन, डीएम आशीष चौहान ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

देहरादून: राष्ट्रपति के 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस, बिजली-पानी की आपूर्ति और साफ-सफाई तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहें। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध रहें, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जा सके।

बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित न हो, पहले से जांचने के निर्देश

राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान निर्बाध विद्युत और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाओं की पहले से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित व्यवधानों से निपटने के लिए विभाग पहले से तैयार रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

भ्रमण मार्गों पर सफाई व्यवस्था रहे दुरुस्त

जिलाधिकारी ने नगर निकायों और संबंधित विभागों को भ्रमण मार्गों तथा कार्यक्रम से जुड़े स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मिता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!