सड़क हादसा: देखते ही देखते खाई में समाया डंपर, दो लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फाटा-बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रात 8:43 बजे मिली हादसे की सूचना

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:43 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK13CA0826 तरसाली के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को मौके के लिए रवाना किया।

कठिन रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों शव बरामद

गहरी खाई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।

रेस्क्यू के दौरान 45 वर्षीय संजय राणा का शव खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। वहीं दूसरे मृतक मोहन का शव भी बरामद कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सभी राहत एवं बचाव एजेंसियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। संयुक्त प्रयास से रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

क्षेत्र में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!