देहरादून : उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में हलचल मच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति शेर सिंह बताया जा रहा है, जो उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात रह चुका है। सूत्रों के मुताबिक उसे वर्ष 2025 में निलंबित किया गया था। फिलहाल पुलिस उसकी वर्तमान सेवा स्थिति और वर्दी पहनकर सार्वजनिक धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
वायरल वीडियो में क्या कहा गया?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शेर सिंह उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहने दिखाई देता है। वीडियो में वह कथित तौर पर कहता सुनाई देता है—
“जब देश ही नहीं बचेगा तो इस नौकरी का क्या करूंगा? उत्तराखंड पुलिस की नौकरी छोड़कर कॉकरोचों की रक्षा करने आया हूं।”
इस बयान और सरकारी वर्दी में सार्वजनिक मंच पर मौजूदगी को पुलिस विभाग गंभीरता से ले रहा है। वायरल वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
जंतर-मंतर धरने में वर्दी पहनकर शामिल होने पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, शेर सिंह दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन में उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर शामिल हुआ। पुलिस नियमावली के अनुसार, सरकारी वर्दी पहनकर किसी सार्वजनिक प्रदर्शन या धरने में शामिल होना गंभीर मामला माना जाता है।
सूत्रों के अनुसार, शेर सिंह की तैनाती पहले पिथौरागढ़ जिले में रही थी। वर्ष 2025 में उसके निलंबित होने की जानकारी सामने आई थी। अब यह भी जांच का विषय है कि यदि वह निलंबित था तो उसके पास सरकारी वर्दी कैसे रही और क्या उसने विभागीय नियमों का उल्लंघन किया।
पुलिस मुख्यालय ने मांगी रिपोर्ट
मामले को लेकर संबंधित पुलिस इकाइयों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में शेर सिंह की वर्तमान सेवा स्थिति, निलंबन की स्थिति तथा वर्दी पहनकर सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी तथ्यों की पुष्टि होने के बाद उत्तराखंड पुलिस अधिनियम एवं विभागीय नियमों के तहत जो भी कार्रवाई बनती होगी, वह नियमानुसार की जाएगी।
जांच रिपोर्ट के बाद होगा फैसला
फिलहाल पुलिस मुख्यालय पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति किस परिस्थिति में पुलिस की वर्दी पहनकर धरने में शामिल हुआ और उसके खिलाफ विभागीय अथवा कानूनी स्तर पर क्या कार्रवाई की जाएगी।











Leave a Reply