शौर्य को सलाम! कारगिल हीरोज के सम्मान में सड़कों पर उतरा देहरादून, CM धामी ने किया बड़ा आह्वान

कारगिल के अमर शहीदों को देहरादून का नमन, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी राजधानी

देहरादून |  कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल (चीड़बाग) से ‘Run for Kargil Heroes’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं।

युवाओं, पूर्व सैनिकों और मातृशक्ति ने दिखाई राष्ट्रभक्ति की मिसाल

मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति तथा आम नागरिकों ने भाग लिया। तिरंगे के साथ देशभक्ति के नारों के बीच दौड़ते प्रतिभागियों ने पूरे वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।

कारगिल युद्ध भारतीय सेना के शौर्य का स्वर्णिम अध्याय: मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसमें भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुर्गम चोटियों पर अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देकर विजय हासिल की।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की और भारतीय सैनिकों ने अपने सर्वोच्च बलिदान से देश की आन, बान और शान को सुरक्षित रखा। ऐसे वीर सपूत सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे कारगिल के वीर सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण, समाजसेवा और देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ें तथा अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करें।

गांधी पार्क में हुआ भव्य समापन, विजेताओं का सम्मान

‘Run for Kargil Heroes’ मैराथन का समापन गांधी पार्क में हुआ। यहां कैबिनेट एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी तथा कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी ली।

मैराथन के प्रमुख विजेता

  • NCC बालक वर्ग: सूरज (प्रथम), आयुष कुमार (द्वितीय), कृष ठाकुर (तृतीय)
  • NCC बालिका वर्ग: वैष्णवी (प्रथम), द्विवजा (द्वितीय), इल्मा (तृतीय)
  • सीनियर सिटीजन: मुकेश राणा (प्रथम), जितेन्द्र गुप्ता (द्वितीय), गोविन्द राणा (तृतीय)
  • भूतपूर्व सैनिक: कलम सिंह बिष्ट (प्रथम), विजय सिंह (द्वितीय), राम सिंह भण्डारी (तृतीय)
  • दिव्यांग वर्ग: अनुष्का एवं सुनील नेगी
  • 18 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग: अंकित पंवार (प्रथम), रोहित (द्वितीय), अमित कुमार (तृतीय)
  • महिला वर्ग: तनुश्री चौहान (प्रथम), महक नेगी (द्वितीय), लीला शाह (तृतीय)
  • उच्च शिक्षण संस्थान छात्र वर्ग: विपिन वर्मा (प्रथम), अंकित (द्वितीय), सागर जोशी (तृतीय)
  • छात्रा वर्ग: निकिता जोशी (प्रथम), रानी (द्वितीय), श्वेता (तृतीय)

कार्यक्रम में रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग, पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!