पीएम मोदी की फेसबुक पोस्ट को लेकर बवाल, बीजेपी नेता बोले– मेटा ने कर दी ब्लॉक

नई दिल्ली,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फेसबुक पोस्ट को लेकर नया विवाद सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री की पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई से संबंधित फेसबुक पोस्ट भारत में दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने इस मामले में मेटा (Meta) पर सेंसरशिप का आरोप लगाते हुए सार्वजनिक रूप से जवाब मांगा है।

तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि फेसबुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोस्ट को भारत में ब्लॉक कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को भारत के प्रधानमंत्री की पोस्ट को सीमित करने और यह तय करने का अधिकार किसने दिया कि भारतीय नागरिक कौन-सी जानकारी देख सकते हैं।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह केवल कंटेंट मॉडरेशन का मामला नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र और डिजिटल संप्रभुता से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने मेटा से यह स्पष्ट करने की मांग की कि यदि पोस्ट की दृश्यता सीमित की गई है तो यह किस कानूनी अनुरोध या किस आधार पर किया गया।

बग्गा ने अपने दावे के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संबंधित फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है। हालांकि, मेटा की ओर से इस दावे पर समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। साथ ही, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब संसद में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक-2026 पेश किया गया है। यह विधेयक विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को रोकने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लाया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!