उत्तराखंड BJP में बड़ा फेरबदल, दुष्यंत गौतम की छुट्टी; राम माधव को मिली कमान

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की जगह अब वरिष्ठ नेता राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही प्रदेश के सह प्रभारियों में भी बदलाव किया गया है।

बीजेपी ने बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को उत्तराखंड का नया सह प्रभारी बनाया है। संगठन में हुए इस बदलाव को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

इससे पहले रेखा वर्मा उत्तराखंड की सह प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। पार्टी ने अब उन्हें मध्य प्रदेश का सह प्रभारी बनाया है। रेखा वर्मा लंबे समय से उत्तराखंड बीजेपी संगठन के साथ काम कर रही थीं और प्रदेश की संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

बीजेपी के इस फेरबदल के बाद उत्तराखंड में पार्टी के संगठनात्मक स्तर पर नई जिम्मेदारियों के साथ आगे की रणनीति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। नए प्रदेश प्रभारी राम माधव के नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को किस तरह सक्रिय करती है, इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!