Advertisement

लक्सर में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, छह लोग लहूलुहान

लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर-रायसी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पांच की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, महिला का उपचार लक्सर के एक निजी अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, लक्सर तहसील क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कला गांव निवासी परीक्षित, आर्यन, अर्पित और रमन एक ही स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर गांव से लक्सर की ओर जा रहे थे। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के हल्दौर निवासी अंकुल अपनी पत्नी मोनिका के साथ बुलेट बाइक से हरिद्वार से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान लक्सर-रायसी मार्ग पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, मोनिका का उपचार लक्सर के निजी अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों निशु और रोहित कुमार के मुताबिक, स्प्लेंडर बाइक पर चार युवक सवार थे। इसी दौरान उनकी बाइक की बुलेट से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!