
इस हादसे में सबसे दुखद बात यह रही कि जान गंवाने वालों में एक ही परिवार की दो बहुएं सुनीता देवी और बसंती देवी भी शामिल थीं। दोनों देवरानी-जेठानी थीं। एक ही परिवार की दो महिलाओं की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
बारात का वाहन खाई में गिरने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रविवार को अर्जुन बैंड के समीप बारात में शामिल लोगों को लेकर जा रहा एक वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। हादसा इतना गंभीर था कि चालक और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एक व्यक्ति के लापता होने की भी जानकारी सामने आई थी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायलों को निकालने और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
खस्ताहाल सड़क और सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद अर्जुन बैंड के समीप सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने घटनास्थल की बदहाल सड़क और क्रॉस बैरियर नहीं होने पर चिंता जताई है।
उनका कहना है कि अर्जुन बैंड के पास सड़क पर तीव्र ढलान है और मार्ग भी क्षतिग्रस्त है। इस स्थान पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से क्रॉस बैरियर जैसे जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए।
निर्मला बहुगुणा ने कहा कि जनपद के कई अन्य मार्गों पर भी क्षतिग्रस्त सड़कें, असुरक्षित मोड़ और सुरक्षा उपायों की कमी वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर क्रॉस बैरियर और अन्य जरूरी इंतजाम करने की मांग उठाई।
हादसे की मजिस्ट्रियल जांच कराने की मांग
कांग्रेस नेता अर्जुन गहरवार ने भी दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। जांच में यह भी सामने आना चाहिए कि घटनास्थल पर सड़क की स्थिति कैसी थी और दुर्घटना की आशंका वाले स्थान पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने विभागों को दिए सुरक्षा इंतजाम के निर्देश
वहीं, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि जनपद के जिन संपर्क मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से क्रॉस बैरियर लगाए जाने जरूरी हैं, वहां संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
अर्जुन बैंड में हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन लोगों की मौत और एक परिवार की उजड़ी खुशियों के बीच अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यही है कि क्या दुर्घटना संभावित स्थानों पर समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे या फिर ऐसी ही किसी अगली दुर्घटना के बाद व्यवस्था जागेगी?














Leave a Reply