Advertisement

नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत, संचालकों पर हत्या का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. युवक के परिवार ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और कमर्चारियों पर युवक के साथ मारपीट और जान से मारने का आरोप लगाया है. इस मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कारवाई की मांग की गई है. पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.

बता दें भगवानपुर थाना क्षेत्र के करौंदी गांव निवासी विनोद कुमार ने रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है. जिसमें बताया कि उनका भतीजा बॉबी पुत्र विजयपाल नशे का आदि था. बीती 9 जून को उन्होंने उसे हरिद्वार रोड पर स्थित बेलड़ी गांव के पास स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया. उन्होंने बताया 13 जून को नशा मुक्ति केंद्र से एक फोन बॉबी की पत्नी के पास आया. फोन करने वाले शख्स ने बताया कि बॉबी की तबीयत खराब है. उसे जौलीग्रांट अस्पताल लेकर जा रहे हैं.

आरोप है कि डेढ़ घंटे बाद फिर से उनके पास फोन आया. उन्होंने कहा बॉबी की मौत हो गई है. वह शव को लेकर उनके घर आ रहे हैं. विनोद कुमार के अनुसार शाम तीन बजे कुछ लोग नशा मुक्ति केंद्र से एक एम्बुलेंस में बॉबी का शव लेकर आए. घर के किसी सदस्य से बिना बात किए शव को घर में डालकर चले गए. आरोप है कि बॉबी के शरीर पर चोटों के निशान थे. खून भी निकल रहा था.

उन्होंने आरोप लगाया कि अनमोल नशा मुक्ति केंद्र के लोगों ने बॉबी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की है. सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!