देहरादून। जनपद देहरादून में ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों एवं स्थानों पर होने वाले पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की ओर से जारी अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. आशीष चौहान ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायत उपचुनाव के लिए 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्र सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 5 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
12 अक्टूबर को मतदान, 14 अक्टूबर को मतगणना
देहरादून में पंचायत उपचुनाव के लिए 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना कार्य समाप्त होने तक जारी रहेगी और इसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और चुनाव के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा है।
देहरादून जनपद में ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों एवं स्थानों पर होने वाली यह निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी।












Leave a Reply