सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की तैयारी, देहरादून में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प’

देहरादून। जनपद देहरादून में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से जिलेभर में जनकल्याणकारी, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने और आपसी समन्वय से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने को कहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’, ‘सेवा कार्य’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होंगे। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के अंतर्गत विकसित भारत@2047, सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विद्यार्थियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

‘सेवा कार्य’ के तहत शैक्षणिक संस्थानों सहित विभिन्न स्तरों पर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, मातृ-शिशु कल्याण और अन्य जनकल्याणकारी विषयों को लेकर जागरूकता एवं जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

इसी तरह ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों में लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत@2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ा जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से विभिन्न वर्गों की सहभागिता और संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा।

2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी एवं खादी को अपनाने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं और Fit India Movement से जुड़ी गतिविधियों के साथ ही विकसित भारत के संकल्प को लेकर भी कार्यक्रम किए जाएंगे।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, सुशासन और विकास के संदेश को जनभागीदारी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सेवा, स्वच्छता, जनकल्याण तथा विकसित भारत के संकल्प में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!