बड़ी खबर: इस जिले के नगर क्षेत्र में कल सभी स्कूल-कॉलेज बंद, जानिए वजह

नैनीताल: ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के समापन और मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 23 सितंबर 2026 को नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही महाविद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

नैनीताल में बुधवार, 23 सितंबर को नंदा देवी महोत्सव का विधिवत समापन होगा। इस अवसर पर मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और धार्मिक परंपराओं के अनुसार डोला विसर्जन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के समापन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने की संभावना है।

इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शिक्षण संस्थानों में अवकाश का निर्णय लिया है। प्रशासन के अनुसार शोभायात्रा और डोला विसर्जन के दौरान नगर क्षेत्र में भीड़ बढ़ने से यातायात पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए 23 सितंबर को नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

प्रशासन का कहना है कि अवकाश का उद्देश्य महोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं को आवागमन में होने वाली संभावित परेशानी से बचाना और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है। नंदा देवी महोत्सव के समापन पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!