देहरादून। देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के लिए प्रस्तावित प्रोफेशनल ऑफिस भवन के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। भवन के डिजाइन और निर्माण योजना को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भवन के सर्वे प्लान, की-प्लान, क्षेत्रफल, साइट प्लान, पार्किंग, प्रवेश-निकासी व्यवस्था समेत विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में एमडीडीए की सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन ने प्रस्तावित भवन की डिजाइन और निर्माण योजना का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के लिए 8,881.28 वर्ग मीटर भूमि का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। प्रस्तावित भवन में ग्राउंड फ्लोर के अलावा सात मंजिलों का निर्माण किया जाएगा। इसमें अधिवक्ताओं के लिए 10×10 आकार के 500 से अधिक चैंबर प्रस्तावित किए गए हैं।
प्रस्तावित भवन में अधिवक्ताओं के साथ-साथ आमजन की सुविधा को भी ध्यान में रखा गया है। डिजाइन में प्रवेश और निकासी के लिए समुचित व्यवस्था, वाहन पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया गया है। भवन की उपयोगिता और स्वरूप को देखते हुए विभिन्न तकनीकी आवश्यकताओं को भी प्रस्तावित प्लान में शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन के अंतिम डिजाइन और निर्माण योजना में फायर सेफ्टी प्लान, इमरजेंसी एग्जिट और लिफ्ट सिस्टम का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि भवन में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के साथ आमजन का भी आवागमन रहेगा, ऐसे में सुरक्षा और सुगम आवागमन की व्यवस्था मानकों के अनुरूप होना जरूरी है।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए भवन निर्माण का फाइनल प्रस्ताव जल्द तैयार किया जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
बैठक में एमडीडीए के अधिशासी अभियंता एसएस रावत, सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट, सीनियर काउंसिल आरएस रावत, प्रेम चंद्र शर्मा, अनुराग गुप्ता एवं धर्मवीर नेगी उपस्थित रहे।











Leave a Reply