सितारगंज/खटीमा (उधम सिंह नगर): उत्तराखंड के सितारगंज क्षेत्र से गुरुवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अमरिया रोड स्थित मलपुरी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सितारगंज के गौरीखेड़ा निवासी चार युवक एक रेडी (ठेला) पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल सितारगंज उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया।
मृतकों की पहचान, परिवार में पसरा मातम
पुलिस ने मृतकों की पहचान
शादाब, नाजिम और सुलतान (निवासी गौरीखेड़ा, सितारगंज) के रूप में की है।
बताया जा रहा है कि इनमें से दो युवक सगे भाई थे। इस दुखद हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी ने घटना का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
गौरतलब है कि हाल ही में रुद्रपुर के पंतनगर क्षेत्र में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।












Leave a Reply