रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर में महज 2 हजार रुपये की मजदूरी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया।
ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मजदूरी मांगना पड़ा भारी, ठेकेदार और बेटों पर हमला करने का आरोप
संजय नगर खेड़ा वार्ड नंबर 11 निवासी आरती मंडल के अनुसार, उनके पुत्र रोहित मंडल ने करीब ढाई महीने पहले ठेकेदार भरत अधिकारी के अधीन पेंटिंग का काम किया था। काम पूरा होने के बाद भी उसे उसकी मजदूरी के 2 हजार रुपये नहीं दिए गए।
परिजनों का आरोप है कि पैसे मांगने पर ठेकेदार लगातार टालमटोल करता रहा। इसी बात को लेकर 8 अप्रैल की सुबह रोहित के पिता गणेश मंडल ठेकेदार के घर पहुंचे, जहां उनके साथ पहले धक्का-मुक्की और फिर मारपीट की गई।
रास्ते में घेरकर किया हमला, सिर पर गंभीर चोट
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घर से निकलने के बाद रास्ते में भरत अधिकारी, सूरज अधिकारी और शिवम अधिकारी ने गणेश मंडल को घेर लिया और उन पर दोबारा हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान सूरज अधिकारी ने गणेश मंडल का सिर पास के खंभे पर दे मारा, जिससे उनके सिर में गंभीर खुली चोट आई और कान का पर्दा भी फट गया। साथ ही सीने में भी गंभीर चोटें आई हैं।
हालत गंभीर, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल गणेश मंडल को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उन्हें गौतम हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
मामले में ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे के अनुसार,
“घटना की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”












Leave a Reply