देहरादून। प्रथम बीएस नेगी मेमोरियल वूमेन्स टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जीएनजी क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। आयुष क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में जीएनजी की गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने दमदार खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।
अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी 52 रन पर सिमटी
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी की टीम जीएनजी की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 18 ओवर में मात्र 52 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
अभिमन्यु की ओर से अनन्या ने 17 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया, जबकि अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।
जीएनजी क्रिकेट एकेडमी की ओर से डिंपल कंडारी ने 3 विकेट, रोशनी दानू ने 2 विकेट तथा अंशिका, दिव्या और देवेशी ने 1-1 विकेट हासिल किया।
जीएनजी ने 8.4 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
53 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीएनजी क्रिकेट एकेडमी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 8.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
जीएनजी की ओर से मानसी ने नाबाद 27 रन, दिव्या बोहरा ने 20 रन और मनीषा ने नाबाद 6 रन बनाए।
अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी की ओर से साक्षी जोशी ने एकमात्र विकेट लिया।
डिंपल कंडारी को मिला प्लेयर ऑफ द मैच
अपनी शानदार गेंदबाजी से विपक्षी टीम की कमर तोड़ने वाली डिंपल कंडारी को मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि ने उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।












Leave a Reply