नंदा की चौकी पुल पर पहुंचे डीएम, अधिकारियों को सख्त निर्देश—3 घंटे में बहाल करें अप्रोच वॉल

देहरादून |  देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान मंगलवार सुबह से ही फील्ड में सक्रिय रहे। जिले के विभिन्न वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सबसे पहले जिलाधिकारी ने नंदा की चौकी स्थित पुल की क्षतिग्रस्त अप्रोच वॉल का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर अप्रोच वॉल को बहाल (रिस्टोर) करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके बाद जिलाधिकारी सोडा सरोली पहुंचे, जहां लगातार बारिश के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने अधिकारियों को सड़क को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी को जानकारी दी गई कि मलबा आने से बंद हुआ थानों मार्ग साफ कर यातायात के लिए पुनः खोल दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान लगातार फील्ड में रहकर वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!