अब नहीं छिपेगा HIV संक्रमण! देहरादून में हाई रिस्क इलाकों की होगी GIS मैपिंग

देहरादून को एचआईवी/एड्स मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच और प्रभावी उपचार व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित ‘मिशन एड्स सुरक्षा’ अभियान की समीक्षा बैठक में एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई।

समय पर जांच और उपचार पर रहेगा विशेष जोर

बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए समय पर जांच, सटीक परामर्श और प्रत्येक जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जनपद स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

हाई रिस्क क्षेत्रों की होगी GIS मैपिंग

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के हाई रिस्क क्षेत्रों की पहचान कर उनकी GIS Mapping कराई जाए, ताकि लक्षित अभियान चलाकर जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता आसानी से पहुंचाई जा सके।

उन्होंने विशेष रूप से निम्न वर्गों के बीच जागरूकता, काउंसलिंग और समय पर जांच पर ध्यान देने के निर्देश दिए—

  • सेक्स वर्कर्स
  • ट्रांसजेंडर समुदाय
  • Injecting Drug Users (IDU)
  • वाहन चालक
  • प्रवासी (Migrants)

सैंपलिंग और टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को एचआईवी की Sampling और Testing तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संक्रमित पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को तुरंत ART (Antiretroviral Therapy) केंद्रों से जोड़कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।

इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि—

  • Contact Tracing को प्रभावी बनाया जाए।
  • संक्रमित मरीजों का नियमित Follow-up किया जाए।
  • गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध जांच और काउंसलिंग सुनिश्चित की जाए।

सामाजिक भ्रांतियां दूर करने पर रहेगा फोकस

डीएम ने कहा कि एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों, झिझक और डर को समाप्त करने के लिए तथ्यात्मक और संवेदनशील जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने आगामी बैठकों में पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।

2025-26 में 85 हजार से अधिक लोगों की हुई जांच

बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 के दौरान जनपद देहरादून में विभिन्न अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर 85,065 लोगों की HIV जांच की गई।

इनमें से 583 लोग HIV पॉजिटिव पाए गए, जिन्हें तत्काल ART केंद्रों के माध्यम से उपचार एवं परामर्श सेवाओं से जोड़ दिया गया।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, डीटीओ डॉ. मनोज कुमार वर्मा, डॉ. सुनीता हाडा, नोडल एआरटी डॉ. के.सी. पंत, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीसी, एआरटी केंद्रों तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!