देहरादून में जनता का भरोसा जीता ‘जन-जन की सरकार’ अभियान, हजारों लोगों को मिला सीधा फायदा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में पूरे उत्तराखंड में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत देहरादून जनपद में आयोजित जन शिविरों को व्यापक जनसमर्थन मिला। 4 जुलाई से 23 जुलाई तक जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित शिविरों में 44,735 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान 848 जनसमस्याओं एवं शिकायतों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 568 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

मुख्यमंत्री के निर्देशन में सुशासन को मिली नई गति

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित यह अभियान सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना को धरातल तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता तक सुशासन पहुंचाना है।

डीएम ने यह भी बताया कि यदि किसी कारणवश किसी क्षेत्र में जन शिविर आयोजित नहीं हो सके हैं, तो मानसून समाप्त होने के बाद उन क्षेत्रों, विशेषकर दुर्गम एवं दूरस्थ इलाकों में पुनः शिविर लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

अभियान के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित दो जन शिविरों में स्वयं प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर समस्याओं का समाधान कराया। मुख्यमंत्री की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

14,500 से अधिक लोगों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इन शिविरों के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई गई।

शिविरों में किसानों, महिलाओं, युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ भी दिया गया। प्रशासन के अनुसार:

  • 44,735 लोगों ने शिविरों में भाग लिया।
  • 560 लोगों ने विभिन्न प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं के लिए आवेदन किया।
  • 14,500 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।

568 शिकायतों का मौके पर समाधान

जन शिविरों के दौरान कुल 848 शिकायतें एवं जनसमस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 568 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार और जनता के बीच मजबूत हो रहा भरोसा

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार‘ अभियान सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इस पहल से लोगों को अपनी समस्याओं का समाधान, सरकारी योजनाओं की जानकारी और विभिन्न सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!