देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, देहरादून में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अपार श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही उत्तराखंड सहित देश-विदेश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संगतें श्री दरबार साहिब पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने श्री गुरु राम राय जी महाराज के श्रीचरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्री झंडे जी के समक्ष मत्था टेककर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दिए पावन दर्शन एवं आशीर्वाद
गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना एवं अरदास संपन्न कर संगतों को पावन दर्शन दिए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना करते हुए गुरु कृपा का संदेश दिया।
गुरु जीवन का दिव्य प्रकाश हैं: श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री गुरु राम राय जी महाराज का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि आत्मा को सत्य, सेवा, करुणा और धर्म के मार्ग पर अग्रसर करने वाले दिव्य प्रकाश हैं। गुरु का सानिध्य मनुष्य के जीवन को संस्कार, सदाचार और आत्मविश्वास से प्रकाशित करता है।
उन्होंने ब्रह्मलीन गुरु श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि गुरु के आदर्शों को जीवन में उतारने, सेवा, विनम्रता और मानवता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेने का अवसर भी है।
प्रेम, सद्भाव और सेवा का दिया संदेश
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को प्रेम, सद्भाव, संयम और आध्यात्मिक चेतना की सबसे अधिक आवश्यकता है। गुरु की शिक्षाएं हमें स्वयं को बेहतर बनाने के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने संगतों से गुरु वचनों को अपने जीवन में अपनाने तथा सेवा, परोपकार और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
भजन-कीर्तन और अरदास से भक्तिमय हुआ वातावरण
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे श्री दरबार साहिब परिसर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। भजन-कीर्तन, गुरु स्मरण और अरदास से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
विशेष लंगर प्रसाद में हजारों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण
धार्मिक कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशेष लंगर प्रसाद की भव्य व्यवस्था की गई। हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक लंगर प्रसाद ग्रहण कर गुरु कृपा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।












Leave a Reply